World

रूस यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन को सफलता : कई इलाकों को रूस से छुड़ाकर फिर से अपने कब्जे में लिया

Published On September 10, 2022 10:14 AM IST
Published By : Mega Daily News

यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार को पूर्वी इलाके में रूसी बलों पर जवाबी हमले में सफलता मिलने का दावा किया है। उसने कहा कि उसने कई गांवों को फिर से अपने नियंत्रण में ले लिया है और एक महत्वपूर्ण परिवहन केंद्र की तरफ आगे बढ़ रही है। अमेरिका के एक शीर्ष राजनयिक और नाटो प्रमुख ने यूक्रेनी सैनिकों की सफलता का जिक्र करते हुए आगाह किया कि लड़ाई अभी कई महीनों तक चलेगी।

संयंत्र के दो कर्मचारियों की हत्या

यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। यूक्रेन की परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख ने शुक्रवार को एएफपी को बताया कि यूक्रेन के जपोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र को नियंत्रित करने वाले रूसी बलों ने वहां तैनात दो कर्मचारियों की हत्या कर दी, साथ ही दर्जनों अन्य को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि संयंत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को यातनाओं का समाना करना पड़ा रहा है। कर्मचारियों की स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि संयंत्र में मौजूदा स्थिति बहुत ही कठिन है।

आपातकालीन मोड में चल रहा है संयंत्र

बता दें, लड़ाई के चलते शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन संयंत्र को आपातकालीन मोड में चलाया गया। जपोरीजिया परमाणु संयंत्र के छह रिएक्टरों पर रूस ने लड़ाई की शुरुआत में ही कब्जा कर लिया था। इन संयंत्रों का संचालन यूक्रेन के कर्मचारियों की ओर से ही किया जा रहा है। परमाणु संयंत्र और आसपास के इलाकों में रूस और यूक्रेन की सेना अक्सर बमबारी करती रहती है। हालांकि, दोनों पक्ष इसके लिए आरोप एक-दूसरे पर मढ़ देते हैं।

सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने की मांग

संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आइएईए) ने शुक्रवार को सुझाव दिया कि नाभिकीय दुर्घटना टालने के लिए परमाणु संयंत्र के आसपास के इलाके को तत्काल सुरक्षित क्षेत्र घोषित कर दिया जाना चाहिए। रायटर के अनुसार, रूस ने आइएईए के प्रमुख राफेल ग्रोसी द्वारा जपोरीजिया परमाणु संयंत्र और इसके आसपास तत्काल बमबारी रोकने के आह्वान का समर्थन किया है।

तीन शहरों से नागरिक निकाले गए

यूक्रेन के खार्कीव इलाके में तैनात रूस के एक अधिकारी ने कहा कि रूस नियंत्रित तीन शहरों से शुक्रवार को आम नागरिकों को बाहर निकाला गया। इन इलाकों में यूक्रेन ने आश्चर्यजनक ढंग से रूसी सैनिकों पर जवाबी हमला शुरू कर दिया है।

रूसी हमले में 10 लोग घायल

यूक्रेन ने खार्कीव पर रूसी बलों के हमले में 10 लोगों के घायल होने का आरोप लगाया है। खार्कीव के मेयर इहोर तेरेकोव ने कहा कि रूसी बलों ने बच्चों के कला केंद्र, एक स्कूल और एक निजी मकान को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि संघर्ष में यूक्रेनी बलों को मिली सफलता से नाराज होकर रूस ने हमले बढ़ा दिए हैं।

संयंत्र यूक्रेन परमाणु शुक्रवार कर्मचारियों ऊर्जा इलाके सफलता प्रमुख लड़ाई जपोरीजिया उन्होंने आसपास खार्कीव जवाबी russia ukraine war recaptured many areas retaking ukraines success
Related Articles